गोण्डा। स्थानीय शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इण्टर कॉलेज के प्रांगड़ में राष्ट्रीय स्वयं संघ गोण्डा नगर एवं झंझरी खण्ड के स्वयं सेवकों द्वारा भव्य शाखा संगम कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रान्त प्रचारक कौशल किशोर एवं मंच पर सह विभाग संघचालक राम प्रकाश गुप्त, जिला संघचालक श्रीमान सिंह रहे।
उपस्थित स्वयं सेवकों को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रान्त प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि संघ की शाखा व्यक्ति निर्माण की कार्यशाला है। संघ की शाखा से निकलने वाले स्वयंसेवक संस्कार युक्त चरित्रवान प्रमाणिक होते हैं जो कि अपने रूचि के अनुरूप समाज जीवन में सक्रिय भूमिका का निर्वहन करते हैं। स्वयं सेवकों के हृदय में सदैव राष्ट्र प्रथम का भाव जागृत रहता है। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि हमारे विचार एवं उद्देश्य श्रेष्ठ होते हैं तो हम अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करते हैं। आज बड़ी संख्या में देश के साठ से पैसठ लाख लोग राष्ट्र निर्माण में संगठित होकर संघ कार्य में अनवरत संकल्पित हैं। आज संघ के चालिस से अधिक वैचारिक संगठन समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। शाखा का उपक्रम आवश्यक है। शाखा द्वारा विभिन्न सामाजिक कार्यो में भी सक्रिय भूमिका आवश्यक है। शाखा का संस्कार अपने परिवार में भी दिखना चाहिए। हम स्वयं सेवकों का दायित्व है कि समाज को संगठित करते हुए अपने राष्ट्र निर्माण में लगना चाहिए। प्रत्येक समस्या व उसका समाधान प्रत्येक दिन लगने वाली शाखा है। इस शाखा संगम में प्रांगड़ में तीस स्थानों पर अलग-अलग शाखाएं लगायी गयी जिसमें लगभग पन्द्रह सौ स्वयं सेवकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रचारक गंगा सिंह, जिला कार्यवाह ओम प्रकाश पाण्डेय, जिला प्रचारक अविनाश, कोमल, नगर कार्यवाह धर्मेन्द्र सहित हजारों की संख्या में वैचारिक संगठन से जुड़े स्वयं सेवक उपस्थित रहे।