गाजे बाजे के साथ गंगा यात्रा पहुंची कानपुर, जोरदार हुआ स्वागत


कानपुर। बिजनौर और बलिया से आ रही गंगा यात्रा का 31 जनवरी को गंगा बैराज स्थित निषाद पार्क में समागम होगा। बिजनौर से आ रही यात्रा देर शाम को बिठूर पहुंची। यात्रा के साथ सिंचाई एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बलदेव सिंह औलख,जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह समेत सूबे के कई मंत्री बिठूर पहुंचें।
बिजनौर से आ रही यात्रा का गुरूवार को फर्रूखाबाद,कन्नौज के बाद देर शाम को कानपुर प्रवेश पर सबसे पहले बिल्हौर के गांगूपुर गांव के पास स्वागत हुआ। यात्रा के साथ केंद्रीय वन राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो, कौशल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल,अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बलदेव सिंह औलख,राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सिंह यहां कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित किया गया। कई किलोमीटर लंबी मानव श्रंखला ने भी स्वागत किया। गाजे बाजे के साथ यहाँ से यात्रा उत्तरीपूरा,शिवराजपुर, चौबेपुर व मंधना होते हुए बिठूर पहुंची। देर शाम को गंगा यात्रा के पहुंचने पर बिठूर के पत्थर घाट पर गंगा आरती हुई उसके बाद नानाराव पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। वहीं गंगा यात्रियों ने रात्रि प्रवास किया। शुक्रवार सुबह 10 बजे ब्रह्मावर्त घाट पर गंगा पूजन किया जाएगा। यहां से 84 यात्री बोट द्वारा गंगा बैराज के पास बने बोट क्लब पहुंचेंगे, जबकि बाकी सड़क मार्ग से समागम स्थल पर आएंगे।


अटल घाट पर मां गंगा की आरती के लिए वाराणसी से पुरोहित बुलाए गए हैं। गंगा यात्रा समागम में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
20 हजार “गंगा लहरी” का होगा वितरण  

डीएम डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि “पतितपावनी” के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए समागम स्थल पर 20 हजार “गंगा लहरी” का वितरण किया जाएगा। गंगा लहरी पुस्तिका गीताप्रेस से मंगाई गई है। अटल घाट पर 48 गुणा आठ फीट का बैनर लगाया जा रहा हैए जिसमें गंगा की महिमा से जुड़े श्लोक अंकित होंगे। समागम स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए अलग से स्टेज बनाया गया है। गंगा के अवतरण और उनकी महिमा से जुड़ी झांकियां दिखाई जाएंगी। बैराज पर एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।