राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद बोले; योगी सरकार में कम हुई गोहत्या, इसलिए खूर बरसे बदरा


                                              पशुधन राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद।


लखनऊ. महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार रात पशुधन राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के आने के बाद अवैध बूचड़खाने बंद हो गए हैं। गो हत्या कम हुई है। इसलिए प्रकृति ने भी साथ दिया। इस बार मानसून सीजन में खूब बारिश हुई है। राज्यमंत्री ने सदन में पशुपालन विभाग की योजनाओं और उपलब्धियों के साथ ही मत्स्य पालन के लिए मछुआरों के हित में उठाए कदमों के बारे में भी बताया।


संघ की शाखा में गए थे गांधीजी
उद्यान राज्यमंत्री श्रीराम चौहान ने भी विशेष सत्र में अपने विचार रखे। कहा कि, गांधीजी संघ की शाखा में भी गए थे। उन्होंने डॉक्टर हेडगेवार की प्रशंसा करते हुए कहा था कि वे जातिविहीन समाज के संस्कार दे रहे हैं। 


गुरुवार को बसपा मुखिया के निर्णय के इतर श्रावस्ती से विधायक असलम रायनी विधानसभा के विशेष सत्र में पहुंचे हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने सत्र का बहिष्कार किया है। उन्होंने सभी विधायकों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में व उप चुनाव की तैयारी में लगाया है। 


मिर्जापुर में बनेगा विंध्यवासिनी कॉरीडोर


विधानसभा में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने शिक्षा की गुणवत्ता पर चर्चा की। जबकि, मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने ओडीओपी, सतीश महाना ने औद्योगिक विकास पर जोर दिया। शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने 5वीं व 8वीं की परीक्षा पहले की तर्ज पर (बोर्ड) कराने पर चर्चा की। कहा कि, इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि, मिर्जापुर में विंध्यवासिनी कॉरीडोर बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 200 करोड़ का बजट दिया है। मंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि, वाराणसी में विशेष कॉरीडोर बनाया जाएगा। इससे पर्यटन व श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी।