मुख्यमंत्री योगी का विपक्ष पर तंज- मुर्गा बाग नहीं देगा, सुबह तब भी होगी; इनका गांधी में विश्वास नहीं


                           विधान सभा में बोलते हुए सीएम योगी व विपक्षी खेमे की खाली पड़ी कुर्सियां।


लखनऊ. महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर योगी सरकार ने उत्तरप्रदेश में विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाया है। यह सत्र बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हुआ था, जो 36 घंटे लगातार चलेगा। सपा-बसपा के साथ कांग्रेस ने इस सत्र का बहिष्कार किया है। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष के बहिष्कार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा- महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुलाए गए विशेष सत्र में क्या होना? क्या हुआ है? इस पर सब मिलकर चर्चा करेंगे, यह बात विपक्षी दलों से की थी। लेकिन विपक्ष राजनीति करने से बाज नहीं आए। ऐसा नहीं है कि मुर्गा बाग नहीं देगा तो सुबह नहीं होगी। मुर्गा बाग नहीं देगा, सुबह तब भी होगी। 


विपक्ष के लिए सत्ता लोक कल्याण का माध्यम नहीं


योगी ने कहा, ऐसे लोग व्यवधान पैदा करना अपना जन्म सिद्ध अधिकार मानते हैं। हम किसी दल की खुशी के लिए नहीं, प्रदेश के 23 करोड़ लोगों को खुशी के लिए काम कर रहे हैं। विपक्ष ने साबित किया कि उनका गांधी दर्शन में कोई विश्वास नहीं। सत्ता उनकी लूट खसोट का साधन है। सत्ता उनके लिए लोक कल्याण का माध्यम नहीं है। 


यूपी 1 मिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा


सीएम ने कहा, संयुक्त राष्ट्र ने 2030 विजन के लिए 17 बिंदुओं के 169 लक्ष्य निर्धारित किए हैं। हमें उनपर काम करना है। पीएम मोदी ने इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए बड़ा कदम उठाया। भारत के बड़े तीर्थ यूपी में हैं। पीएम भी वाराणसी से प्रधानमंत्री चुने गए। देश यूपी की ओर विश्वास के साथ निगाह रखता है। 5 मिलियन डॉलर के लिए राज्य भी अपनी अपनी जिम्मेदारी तय करें। यूपी 1 मिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा।


सीएम ने कहा कि, आजादी के बाद यूपी में कई ऐसी जगह थी जहां मूलभूत सुविधाएं नहीं थी। वनटांगिया गांवों में आज शासन की व्यवस्था का हिस्सा बनाया। जिनको सरकार की सभी योजनाओं का लाभ दिया गया। कोई अगर किसी कारण से रोग की चपेट में आया है तो उसका दोष क्या है? गरीबों पर बात करने वाले आज बेनकाब हुए। ये विपक्ष की सच्चाई का एक उदाहरण हैं 24 घंटे। वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से काम करना होगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद बड़ी प्रयास का पहल है। जिला, क्षेत्र और ग्राम पंचायतों पर भी इसकी चर्चा होनी चाहिए।